Aharbinger's Weblog

Just another WordPress.com weblog

Archive for the ‘rameshwaram’ Category

रामेश्वरम में

Posted by Isht Deo Sankrityaayan on September 17, 2011

हरिशंकर राढ़ी
दोपहर बाद का समय हमने घूमने के लिए सुरक्षित रखा था और समयानुसार ऑटोरिक्शा  से भ्रमण शुरू  भी कर दिया। पिछले वृत्तांत में गंधमादन तक का वर्णन मैंने कर भी दिया था। गंधमादन के बाद रामेश्वरम द्वीप पर जो कुछ खास दर्शनीय  है उसमें लक्ष्मण तीर्थ और सीताकुंड प्रमुख हैं। सौन्दर्य या भव्यता की दृष्टि  से इसमें कुछ खास नहीं है। इनका पौराणिक महत्त्व अवश्य  है । कहा जाता है कि रावण का वध करने के पश्चात्  जब श्रीराम अयोध्या वापस लौट रहे थे तो उन्होंने सीता जी को रामेश्वर  ज्योतिर्लिंग के दर्शन  के लिए, सेतु को दिखाने के लिए और अपने आराध्य भगवान शिव  के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के लिए पुष्पक  विमान को इस द्वीप पर उतारा था और भगवान शिव की पूजा की थी। यहाँ पर श्रीराम,सीताजी और लक्ष्मणजी ने पूजा के लिए विशेष  कुंड बनाए और उसके जल से अभिषेक  किया । इन्हीं कुंडों का नाम रामतीर्थ, सीताकुंड और लक्ष्मण तीर्थ है । हाँ,  यहाँ सफाई  और व्यवस्था नहीं मिलती और यह देखकर दुख अवश्य  होता है।
स्थानीय दर्शनों  में हनुमान मंदिर में (जो कि बहुत प्रसिद्ध और विशाल  नहीं है) तैरते पत्थरों के दर्शन करना जरूर अच्छा लगता है। पत्थर का पानी पर तैरना एक लगभग असंभव सी घटना मानी जाती है और इसे कुछ लोग ईश्वरीय  चमत्कार मानते हैं तो कुछ गल्प के अलावा कुछ नहीं। इसे सामान्यतः वैज्ञानिक तौर पर भी नकार दिया जाता है किन्तु यह सच है कि पत्थर पानी में तैरते हैं। इसे आप अपनी आँखों से देख सकते हैं, छू सकते हैं और दिल करे तो खरीदकार ला भी सकते हैं। यह वास्तव में पत्थर ही होते हैं जो दुर्लभ श्रेणी के होते हैं।
वस्तुतः तैरते हुए पत्थर भी प्रकृति के चमत्कारों में एक हैं। इनका पानी पर तैरना पता नहीं श्रीराम के स्पर्श  की कृपा पर आधारित था या नहीं किन्तु इसे प्रकृति का स्पर्श  जरूर मिला है। भूविज्ञान के अनुसार पत्थर का तैरना कोई चमत्कार या  ईश्वरीय शक्ति  नहीं है। हर प्रकार का पत्थर तैर नहीं सकता है। दक्षिण भारत पृथ्वी के सबसे पुराने भागों में है। वर्तमान हिमालय के अस्तित्व में आने से पूर्व एशिया , योरोप और आस्ट्रेलिया तक का अंश  एक ही खंड था। जहाँ आज हिमालय है वहाँ पहले टेथीस नामक एक छिछला सागर था। इस सागर के उत्तर में अंगारा लैण्ड नामक भूखंड था और दक्षिण में गोंडवाना लैण्ड। टेक्टॉनिक प्लेटों के खिसकने से कालान्तर में टेथीस सागर की जगह हिमालय का निर्माण हो गया। भारत का दक्षिणी भाग गोंडवाना लैण्ड का प्रमुख हिस्सा है जो मुख्यतः ज्वालामुखी से निर्मित आग्नेय शैलों  से निर्मित है। चूंकि आग्नेय शैलें  प्रायः ज्वालामुखी से निकले लावा के ठण्डे हो जाने से बनती हैं, इनमें कहीं -कहीं छिद्र रह जाते हैं जिनमें हवा भर जाती है। यही हवा जब अधिक हो जाती है तो पत्थर पानी में तैरने लग जाता है और आर्किमिडीज का सिद्धान्त यहाँ पूर्णतया लागू होता है। यह बात अलग है कि आग्नेय शैलों के अन्तर्गत आने वाला पूरा पत्थर परिवार तैर नहीं सकता, इसमें भी एक विशेष कोटि होती है जिसे हम झाँवाँ पत्थर कह सकते हैं।
हमारा रामेश्वरम भ्रमण लगभग तीन घंटे में पूरा हो गया था। उसी होटल पर हम आ चुके थे। शाम  के पांच बज रहे होंगे। अब आगे क्या किया जाए? अभी कुछ और महत्त्वपूर्ण स्थल रह गए थे । उनमें से एक था –  धनुषकोडि या धनुषकोटि। इस स्थल के विशय में हमने सुन रखा था और जाने की प्रबल इच्छा भी थी। ऑटो वाले से बात की गई तो पता लगा कि इस समय जाना असंभव था। यह वहाँ से लौटने का समय है और रात्रि में वहाँ जाना न तो लाभकर है और न ही अनुमोदित ही। यहाँ भी हमें अभी कुछ खरीदारी करनी थी, शंकराचार्य  मठ में जाना था और थोड़ा समन्दर किनारे घूमना भी था। वस्तुतः अब जो सबसे ज्यादा उत्कंठा हमारे मन में शेष  थी वह थी सेतु के दर्शन करना जो किधनुषकोडि में ही मिल सकता था। सच तो यह है कि सेतु का अब कोई अस्तित्व बचा ही नहीं है और धनुषकोडि में भी इसके दर्शन नहीं हो सकते। यह तो अब सागर में समाहित हो चुका है, धनुषकोडि तो वह स्थान है जहाँ से इस सेतु का प्रारम्भ होता था।



गंध मादन पर्वत पर 



धनुषकोडि ; धनुषकोडि या धनुषकोटि पम्बन से दक्षिण-पूर्व में लगभग 8 किमी की दूरी पर स्थित है। यहाँ पर विभीषण  का मंदिर हुआ करता था। कहा जाता है कि रावण दमन के बाद वापसी में विभीषण के कहने से श्रीराम ने इस पुल का सिरा अपनी धनुष से तोड़ दिया था। ‘कोडि’ का अर्थ तमिल भाषा  में अन्त या सिरा होता है। यह भी विश्वास है कि रामेश्वरम और काशी की यात्रा सेतु में स्नान किए बिना पूरी नहीं होती। धनुषकोडि को महोदधि (बंगाल की खाड़ी ) और रत्नाकर (हिन्द महासागर ) का मिलन स्थल भी कहा जाता है, हालाँकि आज का भूगोल इस बात को प्रमाणित नहीं करता । धनुषकोडि श्रीलंका के बीच में विश्व  की  सबसे छोटी सीमा का निर्माण भी करता है जो मात्र पचास गज की लंबाई की है। स्वामी विवेकानन्द ने भी 1893 के विश्व  धर्मसम्मेलन मे विजय पताका फहराने के बाद श्रीलंका के रास्ते इसी भूखंड पर भारत की धरती पर अपना पैर रखा था। 
धनुषकोडि अब एक ध्वन्शावशेष  बनकर रह गया है। 22 दिसम्बर 1964 की मध्यरात्रि में एक भयंकर समुद्री तूफान ने धनुषकोडि का गौरवशाली  अतीत और वैभवशाली वर्तमान को पूरी तरह निगल लिया था। इस भीषण  तूफान में लगभग 1800 जानें गईं थी और पूरा द्वीप शमशान  बनकर रह गया। यहाँ क्या कुछ नहीं था। इसका अपना एक रेलवे स्टेशन  था और एक पैसेन्जर ट्रेन (पम्बन-धनुषकोडि पैसेन्जर, ट्रेन नम्बर – 653/654) चक्कर लगाया करती थी। दैवी आपदा की उस रात भी वह पम्बन से 110 यात्रियों और 5 कर्मचारियों को लेकर चली थी। अपने लक्ष्य अर्थात धनुषकोडि रेलवे स्टेशन से कुछ कदम पहले ही तूफान ने उसे धर दबोचा और सभी 115 प्राणी आपदा की भेंट चढ़ गए। अब यह एक खंडहर मात्र रह गया है और सरकार ने इसे प्रेतनगर ( Ghost  Town ) घोषित  कर रखा है। यहाँ एक शहीद  स्मारक भी बनाया गया है। यहाँ छोटी नाव या पैदल भी पहुँचा जा सकता है । रेत पर चलने वाली जीपें और लारियाँ भी उपलब्ध हैं।

शंकराचार्य मठ :

रामनाथ मंदिर के मुख्य अर्थात पूर्वी गोपुरम के सामने जहाँ सागर में स्नान की रस्म शुरू करते हैं, वहीं शंकराचार्य का मठ भी स्थापित है। एक बार मुझे यह भ्रम हुआ कि यह आदि शंकराचार्य  द्वारा स्थापित चारो मठों में से एक होगा क्योंकि उन्होंने चार मठ चारो धाम में स्थापित किए थे और रामेश्वरम चार धामों में एक है। बाद में ध्यान आया कि उनके द्वारा स्थापित मठ चार धामों में नहीं अपितु चार दिशाओं  में थे। जहाँ उत्तर, पूरब और पश्चिम  के मठ धामों में स्थित हैं वहीं दक्षिण में स्थित शृंगेरी मठ तो कांची में है। अतः रामेश्वर  में स्थित शंकराचार्य  मठ महत्त्वपूर्ण तो है किन्तु प्रमुख चार मठों  में नहीं है। फिर भी मठ को देखने की इच्छा कम नहीं हुई थी। वहाँ पहुँचे तो अच्छी खासी भीड़ दिखी। कोई विशेष प्रयोजन मालूम हो रहा था। भाषा की समस्या तो थी ही । चाहा कि कुछ जानकारी लूँ, पर किससे लूँ? प्रश्न  का कोई समाधान नहीं दिख रहा था। सामान्य बातें या पता तक तो कोई विशेष परेशानी  नहीं थी। परन्तु यहाँ प्रश्न लेखकीय कीडे़ का था। जिज्ञासा का समाधान तो चाहिए ही था, यात्रा की समाप्ति के बाद वृत्तान्त भी तो लिखना था! ना हिन्दी ना अंगरेजी। संस्कृत में अपना  बहुत प्रवाह तो नहीं है किन्तु कामचलाऊ शक्ति जरूर है। पंडित जी से बात करूँ पर वहाँ भी असमर्थता ही थी। सोच -विचार कर ही रहा था कि एक सज्जन शारीरिक  भाषा से मुझे पढ़े – लिखे या अफसर से दिख गए। उनसे बात की तो बोले कि हिन्दी तो नहीं, अंगरेजी में वे बात कर सकते हैं। बातचीत में पता चला कि वे मदुराई के रहने वाले हैं और वहीं किसी सरकारी सेवा में हैं। नाम तो मैं उनका भूल गया, पर उनकी बातें, उनका ज्ञान और सज्जनता मुझे याद है। लम्बी बातचीत में उन्होंने जो कुछ बताया, उसमें मुझे एक बात बड़ी आश्चर्यजनक  लगी। वहाँ अश्विन  मास में एक विशिष्ट  उत्सव होता है जिसमें लोग अंगारों पर नाचते हैं और किसी का पैर नहीं जलता। उनका दावा था कि आप यह उत्सव स्वयं देख सकते हैं। हम भी वहाँआश्विन  मास में( नौरात्रों में) गए थे। परन्तु यह उत्सव पूर्णिमा के आस- पास  होता है। मुझे इस बात की सत्यता पर अभी भी पूरा विश्वास नहीं होता कि जुलूस बनाकर लोग आग पर नाचेंगे और पैर नहीं जलेंगे परन्तु किसी की धार्मिक आस्था को चुनौती देना भी कोई आसान कार्य नहीं है।

दिन डूबने को आ रहा था। मठ से निकलकर हम सागर किनारे की ओर चल पडे़। हवा की शीतलता  का कोई जवाब नहीं था। सागर किनारे जो दृश्य  सामान्यतः मिलता है – लोगों की भीड़, खोमचे वालों का जमावड़ा और बेतरतीब आते-जाते लोग, यहाँ भी था। यहाँ एक बार पुनः जिस चीज ने भगाने की ठानी वह थी यहाँ की गंदगी और बदबू!  रामेश्वरम  के लोगों का प्रमुख व्यवसाय है मछली पकड़ना और बेचना। अब मछलियों के पकड़ने के बाद उनकी प्रॉसेसिंग और भंडारण के कारण बदबू निकलना तो सामान्य बात है (बेट द्वारिका यात्रा में मैंने यही पाया था), किन्तु तट पर फैली गंदगी, गोबर और मल से भी कम वितृष्णा  नहीं पैदा हो रही थी। आवारा पशुओं  के झुंड के झुंड अपनी गतिविधियों में व्यस्त और मस्त थे। कुल मिलाकर सागर किनारे दिल ये पुकारे वाली बात बनी नहीं। हाँ, थोड़ा बहुत इलाका जरूर ऐसा था जहाँ बैठा जा सकता था। अंधेरा घिरने लगा था। कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि इस दिशा  में लंका है और थोड़ी देर बाद श्रीलंका की बिजुलबत्तियाँ दिखाई देंगी। आखिर कुल दूरी यहाँ से तीस किमी ही तो है। 

पम्बन रेलवे पुल
– यह रेलवे पुल रामेश्वरम द्वीप को भारत के मुख्य भाग से जोड़ता है . यह इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना है और इसकी विशेषता यह है कि जब बड़ी जहाजों को निकलना होता है तो रेल की पटरियों को उठा दिया जाता है और निकल जाता है. पुनः पटरी को नीचे कर दिया जाता है रेलगाड़ियाँ गुजरने लगती हैं .
क्या खरीदें –  रामेश्वरम  जाएं तो सामुद्रिक जीवों से निर्मित सामान अवश्य खरीदें। शंख , घोंघे और सीप के कवच  ( sea shell )  के सामान बहुत ही सुन्दर और सस्ते मिलते हैं। इनसे आप घर को सजा सकते हैं और  रामेश्वरम  यात्रा की स्मृति के तौर पर संजो भी सकते हैं। उपहार के लिए भी ये बहुत ही उत्तम होते हैं। साथ में परिवार था, अतः सामान खरीदने का चांस बनता ही था। एकाध अपने लिए और कुछ फरमाइशकर्ताओं के लिए खरीदा। वामावर्ती शंख तो मिलती ही है, दक्षिणावर्ती शंख के तमाम रूप उपलब्ध हैं। मैं तो उनकी उत्पत्ति और प्रकृति और कारीगरों की कारीगरी पर मुग्ध होता रहा जबकि पत्नी और बेटी गृहसज्जा के सामानों की खरीदारी में व्यस्त रहीं। बेटे को गाड़ी टाइप का कोई खिलौना मिल गया था। कभी उसमें व्यस्त हो जाता तो कभी जाँच आयोग के सक्रिय सदस्य की तरह अनेक प्रश्न लेकर आ जाता और मेरी सोच का दम तब तक घोंटता रहता जबतक उसे अपने प्रश्न का संतोषजनक उत्तर नहीं मिल जाता। 
 रामेश्वरम  में हमारा ठहराव एक दिन का ही था। रात हो चली थी। दोपहर वाले ढाबे पर ही हमने उत्तर भारतीय भोजन किया  और इस निर्णय के साथ सो गए कि प्रातः जल्दी उठकर कन्याकुमारी वाली बस पकड़नी है। काश  ! एक दिन और होता हमारे पास  रामेश्वरम  में ठहरने के लिए! बस मन ही मन यह प्रार्थना गूंजती रही –
                              श्रीताम्रपर्णी जलराशियोगे 
                                       निबद्ध्यम सेतुम निशि विल्व्पत्रै .
                             श्रीरामचन्द्रेण समर्चितमतम
                                        रामेश्वराख्यं सततं नमामि . 

Posted in पर्यटन, यात्रा वृत्तांत, रामेश्वरम, संस्मरण, piligrimage, rameshwaram, religion, society, south india, travelogue, yatra | 10 Comments »

रामेश्वरम : बेहद अपने लगने लगे राम

Posted by Isht Deo Sankrityaayan on December 31, 2010

हरिशंकर राढ़ी
कोडाईकैनाल से अपराह्नन चली हुई हमारी बस करीब साढ़े सात बजे मदुराई बस स्टैण्ड पर पहुँची तो झमाझम बारिश हो रही थी। बस से उतरे तो पता चला कि मित्र की जेब से बटुआ किसी ने मार लिया था। यह घटना हमारे लिए अप्रत्याशित थी। क्योंकि हमें विश्वास था कि दक्षिण भारत में ऐसा नहीं होता होगा। वैसे मुझे यह भी मालूम था कि मित्र महोदय बड़े लापरवाह हैं और उनकी अपनी गलती से भी बटुआ गिर सकता है। ऐसा एक बार पहले भी हुआ था, जब हम त्रिवेन्द्रम से मदुराई जा रहे थे। उस समय उनका बटुआ, जो पैंट की पिछली जेब में था और अधिकांश लोग ऐसे ही रखते हैं, गिरतेगिरते बचा था। मेरी पत्नी ने देख कर आगाह कर दिया था। बटुए में पैसा तो अधिक नहीं था किन्तु उनका परिचय पत्र, ड्राइविंग लाइसेन्स और एटीएम कार्ड था। हम सभी का परेशान होना तो स्वाभाविक था ही। तलाश प्रारम्भ हुई और अन्ततः निराशा पर समाप्त हुई। किन्तु पता नहीं क्यों मुझे बारबार ऐसा लग रहा था कि जेब किसी ने मारी नहीं है, अपितु पर्स लापरवाही से ही कहीं गिर गया होगा और मैं अकेले ही सोचता और गुनता रहा। अचानक मुझे लगा कि क्यों बस के नीचे देखा जाए। बस अभी भी वहीं खड़ी थी। उतरते समय उसमें गजब की भीड़ थी। जब मैंने बैठकर बस के नीचे देखा तो लगा कि कोई पर्स जैसी चीज है। एक दो मिनट बाद ही बस वहां से चल दी। मैंने लपक कर बटुआ उठा लिया और विजयी भाव से उनके पास आया। बटुआ तो उन्हीं का था। देखा गया तो पैसे निकाल लिए गए थे, किन्तु बाकी जरूरी कागजात उसमें मौजूद थे। सबने राहत की साँस ली, जैसे खोई हुई खुशी लौट आई।
बस स्टैण्ड से ऑटो कर के हम रेलवे स्टेशन पहुँचे और मालूम किया तो साढ़े ग्यारह बजे रात्रि की पैसेन्जर उपलब्ध थी। अभी लगभग आठ ही बज रहे थे। आराम से टिकट वगैरह लेकर आईआरसीटीसी के रेस्तरां में भोजन लिया और कुछ देर आराम करके गाडी की ओर गए। पूरी की पूरी ट्रेन जनरल ही है। ऊपर की बर्थ पर हम लोग आराम से फैल लिए हमारा अन्दाजा था कि सुबह चारपाँच बजे तक पहुँचेंगे गाडी कब चली, हमें पता ही नहीं चला। हाँ, दक्षिण की पैसेन्जर गाडियों में भी टिकट की जाँच बडी ईमानदारी से होती है, ये हमें जरूर पता लग गया। हम गहरी नींद में ही थे कि शोर हुआ, जागे तो पता चला कि हम पुण्यधाम रामेश्वरम पहुंच चुके हैं। अभी रात के ढाई ही बज रहे थे।
प्लेटफॉर्म पर स्थिर होते तीन बज चुके थे इतनी रात में वहाँ से जाना या होटल तलाशने के विषय में सोचना भी उचित नहीं था। अतः सुबह होने तक वहीं रुके रहना ही ठीक लगा। उत्तर भारत की तरह वहाँ भीडभाड का साम्राज्य तो था नहीं, अतः वहीं प्लेटफॉर्म पर ही आसन लग गया। चादरें निकाली गईं और लोग फैल गए। मुझे ऐसे मामलों में दिक्कत महसूस होती है। अनजान सी जगह पर घोडे बेच कर सोना मुझे सुहाता। इसलिए पास ही पडी कुर्सी पर बैठ गया और बोला कि आप लोग सोइए, मैं तो जागता ही रहूंगा।
कुर्सी पर बैठाबैठा मैं खयालों में डूब गया। यही रामेश्वरम है, जहाँ आने की जाने कब की इच्छा फलीभूत हुई है। शायद प्रागैतिहासिक काल की बात होगी जब मर्यादा पुरुषोत्तम राम हजारों मील की यात्रा करके यहाँ पहुँचे होंगे। कहाँ अयोध्या और कहाँ रामेश्वरम! अयोध्या का अस्तित्व तो तब बहुत ठोस था, किन्तु रामेश्वरम का तो अतापता भी नहीं रहा होगा! राम आते और रामेश्वरम बनता। सागर का एक अज्ञात किनारा ही रह जाता! अयोध्या से चलकर भटकतेभटकते, पैदल ही यहाँ पहुँचे होंगे। आज मैं भी उन्हीं की अयोध्या से ही आया हूँ। और लगा कि राम कितने अपने हैं। क्षेत्रीयता का पुट या अभिमान, जो भी कहें, मुझे महसूस होने लगा। आज कितनी सुविधाएँ हो गई हैं ! एक कदम भी पैदल नहीं चलना है और मैं राम की अयोध्या से उन्हीं के इष्ट देव भगवान शिव और उनकी स्वयं की कर्मभूमि रामेश्वरम में बैठा उन्हीं के विषय में सोच रहा हूँ। सचमुच उन्होंने उत्तर को दक्षिण से जोड़ दिया। संस्कृति को एकाकार कर दिया। उस राम की असीम कृपा ही होगी कि उनके पौरुष, आस्था और सम्मान की भूमि का स्पर्श करने उसे प्रणाम करने का अवसर प्राप्त हो पाया है। धन और सामर्थ्य में तो मैं लोगों से बहुत ही पीछे हूँ।
बैठेबैठे ही मेरा मन बहुत पीछे चला गया। कैसा समय रहा होगा राम का जब वे यहाँ आए होंगे? क्या मानसिकता रही होगी उनकी? अपने राज्य से परित्यक्त, पत्नी के वियोग में व्याकुल और स्वजनों से कितनी दूर? अपनी जाति और सामाजिक व्यवस्था से बिलकुल अलग, सर्वथा भिन्न बानरों की सेना लिए और मित्रता की डोर पकड़े उस महाशक्तिशाली मायावी दशानन रावण से टक्कर लेने यहाँ तक पहुँचे! यहाँ आकर उसी शिव का सम्बल लिया जिसका वरदहस्त पाकर ही रावण अजेय बना हुआ था। किन्तु शिव तो सदैव सत्य के साथ होता है, चाटुकारिता और उत्कोच के साथ नहीं। कितना सुन्दर संगम हुआ सत्य और शिव का यहाँ ! यही है वह रामेश्वरम और धन्य है मेरे जीवन का यह क्षण जब मैं (एक अयोध्यावासी) अपने राम के पद चिह्नों की रज लेने का अवसर प्राप्त कर पाया हूँ।
भोर की पहली किरण के साथ मैंने सबको जगाया और सामान समेट कर स्टेशन से बाहर गए। दो ऑटो किए गए और मंदिर की ओर प्रस्थान किया। यहाँ भी हमारी प्राथमिकता थी कि कोई होटल लेकर सामान पटकें, नहाएं धोएं और तब मंदिर की ओर चलें। ऑटो वाले ने खूब घुमाया और अपने स्तर पर होटल दिलाने का पूरा प्रयास किया। अब उसने इतना प्रयास क्यों किया, ये तो सभी ही जानते हैं। या तो कमरा सही नहीं, या फिर किराया बहुत ज्यादा! इधरउधर घूमने के बाद मैंने उसे नमस्ते किया और अपने तईं ही कमरे का इंतजाम करने की ठानी। बहुत जल्दी ही हमें एक होटल मंदिर के पीछे मुख्य सड़क पर ही मिल गया। हमने तुरन्त ही दो कमरे बुक कर लिए। रामेश्वरम में, मुझे ऐसा बाद में लगा, तीनचार सौ में डबल बेड के कमरे बडे आराम से मिल जाते हैं। वैसे वहाँ ठहरने के लिए सर्वोत्तम स्थान गुजरात भवन है जो मंदिर के मुख्य द्वार के बिलकुल पास है। यहाँ व्यवस्था अच्छी है और किराया मात्र दो सौ पचास रुपये।

सागर के खारे जल की बात तो और होती ही है, किन्तु यहां के जल में जो सबसे बडी समस्या हमें दिख रही थी वह थी गन्दगी। पानी बिलकुल डबरीला और अनेक प्रकार के प्रवहमान एवं स्थिर पदार्थों से युक्त था।

होटल में सामान जमाने के बाद हम सागर में स्नान के लिए निकल पडे। यहाँ आने की योजना बनाते समय ही मैंने ये मालूम कर लिया था कि सर्वप्रथम यहाँ मंदिर के मुख्य गोपुरम के सम्मुख बंगाल की खाडी में और तदुपरान्त उन्हीं गीले कपडों में मंदिर में स्थित बाईस कुंडों में स्नान करने की परम्परा और प्रावधान है। सागर के खारे जल की बात तो और होती ही है, किन्तु यहां के जल में जो सबसे बडी समस्या हमें दिख रही थी वह थी गन्दगी। पानी बिलकुल डबरीला और अनेक प्रकार के प्रवहमान एवं स्थिर पदार्थों से युक्त था। हाँ, पर इतना गंदा भी नहीं था कि घिन हो जाए या इतनी दूर से चलकर आने वाले की आस्था धरी की धरी ही रह जाए और वह तथाकथित कर्मकांड से सहज ही विमुख हो जाए। अंततः हम सबने भी हिम्मत बटोरी और बचतेबचाते उस डबरीले सागर में घुस गए।
अरब सागर के उस खारे पानी में नहा कर निकले तो अगला क्रम मंदिर के अन्दर बाईस कुण्डों में नहाने का था। वहाँ से गीले कपड़े में हम मंदिर की ओर चले ही थे कि कई पंडे हाथों में बाल्टी और रस्सी पकडे हमारी तरफ लपके और हमें नहला देने का प्रस्ताव करने लगे। इतने में हम मंदिर के मुख्य प्रवेशद्वार पर पहुँचे। यहाँ कुछ और सेवकों ने घेरा डाला। उनका कहना था कि वे हर सदस्य को पूरी बाल्टी भर कर हर कुंड पर नहलाएंगे और सौ रुपये प्रति सदस्य लेंगे। पचास रुपये तो प्रवेश शुल्क और सरकारी फीस ही है। यह बात सच थी कि प्रवेश शुल्क पचीस रुपये प्रति व्यक्ति था और नहलाने का भी उतना ही। सत्तर रुपये में बात लगभग तय ही होने वाली थी कि मेरे मित्र महोदय को चिढ गई और वे सरकारी नियम के अन्तर्गत प्रवेश लेने चल पडे। उन्हें नियम विरुद्ध कोई भी बात जल्दी अच्छी नहीं लगती और अपने देश की व्यवस्था में वे अकसर फेल हो जाते हैं। इस बार भी ऐसा ही हुआ। साथ निभाने के लिए मुझे भी पीछेपीछे चलना पड़ा, हालाँकि मैं जानता था कि हमें अन्दर जाकर दिक्कत होगी।
टिकट लेकर प्रवेश किया तो पहले कुंड पर एक सेवक खडा मिल गया। कुंड का मतलब यहाँ कुएँ से है। ऐसे ही गहरेगहरे बाईस कुएँ यहाँ हैं जिनके जल से नहाने की यहाँ परम्परा है। कुल मिलाकर हम आठ सदस्य थे और आगे परेशानी शुरू होनी थी, हुई। सभी कुएँ एक जगह नहीं बल्कि दूरदूर हैं। दो चार कुंडों के बाद नहलाने वाले सेवक भारतीय व्यवस्था के अनुसार नदारद! अधिकांश बाहर से ही यजमान पटा कर ले आते हैं और उन्हें ही नहलाने में व्यस्त रहते हैं। हम तो जैसे जनरल वार्ड के मरीज हो रहे थे। मुझे मित्र पर मन ही मन गुस्सा भी रहा था। अंततः एक ग्रुप के साथ ही हम भी लग गए। उससे हमारी सुविधा शुल्क की शर्त पर सेटिंग हो गई। अगर आपको कभी जाना हो और इस धार्मिक कर्मकांड का भागी बनना हो तो आप भी किसी पंडे से मोलभाव कर ठेका छोड दें। सुखी रहेंगे।
वैसे यहाँ कुंडों में स्नान करना अच्छा लगता है।

Posted in दक्षिण भारत, पर्यटन, मदुराई, यात्रा वृत्तांत, रामेश्वरम, rameshwaram, south india, tourism, travelogue | 5 Comments »